गोमिया (बोकारो): बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। युवती अपने प्रेमी की रिहाई की मांग कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, ललपनिया पंचायत के तिलैया गांव निवासी सोनी कुमारी गोमिया थाना क्षेत्र के ढेंढे गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती काफी देर तक टावर पर बैठी रही और अपने प्रेमी को रिहा करने की मांग करती रही।
बताया जा रहा है कि चार दिन पहले पुलिस ने रांची से प्रेमी-प्रेमिका को बरामद किया था। मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रेमी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। इसी से नाराज होकर युवती ने यह कदम उठाया।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पहुंचे और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की।
बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रबिन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। युवती की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उसे सकुशल नीचे उतारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से भीड़ न लगाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा। स्थानीय लोग भी युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की प्रार्थना करते नजर आए। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन द्वारा स्थिति को सामान्य बनाने के प्रयास जारी थे।
















