धनबाद: धनबाद पुलिस ने चिरकुंडा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को अवैध हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निरसा थाना क्षेत्र के वृंदावनपुर निवासी 45 वर्षीय मो. रिजवान सिद्दीकी के रूप में हुई है। मामले की जानकारी ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में दी।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में अवैध हथियार और कारतूस जमा कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष छापेमारी टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, 33 जिंदा कारतूस तथा हथियारों की खरीद-बिक्री से संबंधित बातचीत वाला एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद हथियारों में एक 9 एमएम पिस्टल और एक 7.65 एमएम देशी पिस्टल शामिल है। दोनों हथियारों के साथ मैगजीन भी बरामद की गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि जेल में बंद अफजल अमन के निर्देश पर हथियार और कारतूस एकत्र किए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रेलवे टेंडर से जुड़े ठेकेदारों को प्रिंस खान गिरोह के नाम पर धमकाकर रंगदारी वसूलने की साजिश रची जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चिरकुंडा थाना में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियार आपूर्ति नेटवर्क और संभावित आपराधिक गतिविधियों की जांच भी तेज कर दी गई है।
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में संगठित अपराध, रंगदारी और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
















