रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र स्थित बलसगरा में जमीन विवाद के दौरान डुमरी के सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार साव, रामू साव, शकुन्तला देवी, रूबी कुमारी, विनय कुमार, पूजा कुमारी और लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष के दौरान सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया, जिसने तकनीकी एवं वैज्ञानिक जांच के आधार पर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और यदि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
















