रांची: बरियातू थाना क्षेत्र के अंतू चौक के पास स्थित द एम्पायर अपार्टमेंट में सोमवार शाम करीब 5:15 बजे आग लग गई। अपार्टमेंट के चौथे तल्ले पर डॉ. सतीश शर्मा के बंद फ्लैट में लगी आग से अधिकांश घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना के समय फ्लैट में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। आग की सूचना मिलते ही अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई और अलग-अलग तल्लों पर रहने वाले लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर बरियातू थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
















