रांची: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन 14वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के समर्थन में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा रांची पहुंचीं। इस दौरान आईसा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर मार्च निकाला और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
विधानसभा मार्च के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब हंगामे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने नेहा बोरा पर स्याही फेंक दी। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस और मौजूद लोगों ने स्थिति को नियंत्रित कर मार्च को आगे बढ़ाया।
घटना की आईसा ने कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक विरोध की भावना पर हमला बताया। संगठन का कहना है कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्याही फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं छात्र संगठनों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
















