रांची: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज हवा, गर्जन और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार रांची, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ और खूंटी जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत अन्य जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार रांची और आसपास के इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। आगामी 1 से 4 जून तक राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की भी संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में सबसे अधिक 39.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले मैदानों में जाने से बचने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।














