Ranchi : सूचना एवं जनसंपर्क विभाग झारखंड ने सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी प्रचार-प्रसार को लेकर बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने सभी सरकारी विभागों और कार्यालयों से नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने का आग्रह किया है, ताकि योजनाओं की जानकारी समय पर आम जनता तक पहुंचाई जा सके।
इस संबंध में राजीव लोचन बख्शी ने सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिवों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश भेजे हैं।
जारी निर्देश में कहा गया है कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उनकी सही और समय पर जानकारी लक्षित समुदाय तक पहुंचे।
विभाग द्वारा प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, न्यू मीडिया, पारंपरिक जनसंचार, क्षेत्र प्रचार और सिनेमा जैसे विभिन्न माध्यमों से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाता है। हालांकि कई विभागों से समय पर सूचनाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रचार कार्य प्रभावित हो रहा है।
इसी स्थिति को देखते हुए सभी विभागों से अपने स्तर पर नोडल पदाधिकारी नामित करने तथा उनका नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से योजनाओं की जानकारी अधिक व्यवस्थित और तेजी से आम लोगों तक पहुंच सकेगी। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
















