रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न लंबित कार्यों में तेजी लाने और विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्पाद सिपाही भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके साथ ही विभाग के अंतर्गत रिक्त ASI एवं अन्य पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि विभाग की कार्यक्षमता मजबूत हो सके।
मुख्यमंत्री ने झारखंड स्टेट बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) के कार्यक्षेत्र का विस्तार करने और आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर विभाग के राजस्व में वृद्धि के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से इस संबंध में विस्तृत प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
साथ ही मुख्यमंत्री ने विभाग से आवश्यक नीतियों को समय पर तैयार करने और अवैध रूप से संचालित गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं और विभागीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभाग को कई अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए और सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
















