रांची : राजधानी रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई अहम मुद्दों को उठाया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा भी मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अंबा प्रसाद ने NTA की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी कई जगह घोटालों में लिप्त है, जिससे लाखों छात्र आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे देश के युवाओं और उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
अंबा प्रसाद ने सवाल किया कि जब एक परीक्षा आयोजित कराने में सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं, तब 23 लाख बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने शिक्षा मंत्री से मामले में जवाबदेही तय करने और सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने ED और CBI जैसी केंद्रीय एजेंसियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, जबकि NTA में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आने के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में स्वतः संज्ञान लेने की अपील करते हुए दोषियों को कड़ी सजा, यहां तक कि आजीवन कारावास देने की मांग की।
वहीं झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सुधार की जरूरत है और संबंधित सक्षम अधिकारी ही इस विषय पर बेहतर जवाब दे सकते हैं।














