धनबाद : भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए समाहरणालय परिसर में शीतल पेयजल की विशेष व्यवस्था की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर मुख्य द्वार, पोर्टिको क्षेत्र, पूरे परिसर और सभी फ्लोर पर वाटर कूलर एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
समाहरणालय पहुंचने के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्वयं वाहन से उतरकर शीतल पानी पिया और लोगों को गर्मी में हाइड्रेशन बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी के दौरान कम पानी पीने से डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ सकती है, इसलिए सभी लोगों को नियमित अंतराल पर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना चाहिए।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्यास लगने का इंतजार नहीं करना चाहिए और लगातार पानी का सेवन करते रहना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए इस व्यवस्था को राहत देने वाला कदम बताया।
प्रशासन की ओर से लगाए गए वाटर कूलरों की नियमित निगरानी और स्वच्छता बनाए रखने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि समाहरणालय आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।














