,

साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, धनबाद पुलिस को डिजिटल सबूत जुटाने की ट्रेनिंग

JP Bharat Shareधनबाद: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच धनबाद पुलिस ने अपनी जांच व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में साइबर अपराध अनुसंधान से संबंधित विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों और अनुसंधानकर्ताओं को डिजिटल साक्ष्यों के संकलन, जब्ती…

JP Bharat Share

धनबाद: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच धनबाद पुलिस ने अपनी जांच व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में साइबर अपराध अनुसंधान से संबंधित विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों और अनुसंधानकर्ताओं को डिजिटल साक्ष्यों के संकलन, जब्ती और उनकी कानूनी वैधता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण शिविर में साइबर डीएसपी प्रदीप कुमार साव ने साइबर अपराध की जांच से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में 17 तारीख से साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूल-कॉलेजों के अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में रात्रि चौपाल आयोजित कर लोगों को ऑनलाइन ठगी और उससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

डिजिटल सबूतों की जब्ती पर विशेष जोर

प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट और अन्य डिजिटल उपकरणों को वैज्ञानिक तरीके से जब्त करने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि साइबर अपराध की जांच में डिजिटल डिवाइस से मिलने वाले साक्ष्य बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में उन्हें जब्त करने और सुरक्षित रखने की प्रक्रिया में निर्धारित वैज्ञानिक मानकों का पालन करना जरूरी है।

फॉरेंसिक तकनीकों की भी दी जानकारी

प्रशिक्षण में डिजिटल इमेजिंग और आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों के बारे में भी अधिकारियों को जानकारी दी गई। डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और उन्हें जांच के दौरान सही तरीके से प्रस्तुत करने पर चर्चा हुई, ताकि उनकी विश्वसनीयता बनी रहे और जरूरत पड़ने पर अदालत में उनकी साक्ष्यात्मक वैल्यू मजबूत हो।

इसके अलावा साइबर अपराध की जांच में इस्तेमाल होने वाली नई तकनीकों और डिजिटल उपकरणों से संबंधित आधुनिक कार्यप्रणालियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को जांच के दौरान तकनीकी प्रक्रियाओं को सही तरीके से अपनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तकनीकी साक्ष्य की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पुलिसकर्मियों को आधुनिक डिजिटल फॉरेंसिक तकनीकों की जानकारी मिलने से साइबर अपराधियों तक पहुंचने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

धनबाद पुलिस की ओर से चलाया जा रहा जागरूकता अभियान और अनुसंधानकर्ताओं के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports