आसनसोल/कुल्टी: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कुल्टी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लोहे की रॉड से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक सूर्यकांत मंडल को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, नियामतपुर फाड़ी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहे की रॉड से लदा एक ट्रक इलाके से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चौरंगी फाड़ी क्षेत्र के चलबलपुर इलाके में देर रात अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी जांच की। जांच में ट्रक पर बड़ी मात्रा में लोहे की रॉड लदी मिली। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और चालक सूर्यकांत मंडल को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार चालक को शनिवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की गहन जांच के लिए चालक की पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में लदा लोहा कहां से लाया गया था, किसके नाम पर था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे मामले में चालक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक और उसमें लदे लोहे को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही लोहे की खेप से जुड़े पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
















