धनबाद: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को बारीओ, गोविंदपुर स्थित क्रिसेंट इंटरनेशनल स्कूल में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। विद्यार्थियों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और योगदान पर भाषण प्रस्तुत किए। साथ ही संविधान आधारित प्रश्नोत्तरी और छह मौलिक अधिकारों पर प्रस्तुति दी गई।
विद्यालय के निदेशक ईसा शमीम ने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
प्राचार्या विजेता दास ने विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना भी जरूरी है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
















