धनबाद: झारखंड में कार्यरत सहायक शिक्षक एवं सहायक अध्यापकों के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित करने की मांग उठी है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की महिला जिला अध्यक्ष डिंपल चौबे ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस दिशा में पहल करने की मांग की है।
डिंपल चौबे ने पत्र में कहा कि लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में योगदान दे रहे शिक्षकों के अनुभव, उम्र और पारिवारिक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने विशेष TET परीक्षा के आयोजन के साथ नियमानुसार आयु सीमा में छूट और तैयारी के लिए पर्याप्त अवसर देने की मांग की।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार शिक्षकों की मांग पर सकारात्मक विचार करेगी और उन्हें न्यायसंगत अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
















