धनबाद: आशीर्वाद लॉज में हाड़ी जाति समाज सुधार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के विकास, शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को सही दिशा देने और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में शिक्षा को समाज की प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताते हुए बच्चों और युवाओं को बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक करने की बात कही गई।
युवा वर्ग में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर सदस्यों ने चिंता जताई। समिति की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और उन्हें शिक्षा, रोजगार, खेलकूद तथा सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। नशे की चपेट में आए युवाओं को भी समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में संगठन को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने के साथ युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
मौके पर जिला अध्यक्ष किशोर हाड़ी, कार्यकारी अध्यक्ष कार्तिक हाड़ी, सचिव राजेश हाड़ी, कार्यालय सचिव नारायण हाड़ी, कोषाध्यक्ष विजय हाड़ी, रक्षा मंत्री भोला हाड़ी, जिला वरीय पदाधिकारी प्रेम हाड़ी व प्रदीप हाड़ी, युवा समिति अध्यक्ष बिनोद हाड़ी, संगठन सचिव भरत हाड़ी, मीडिया प्रभारी रमण हाड़ी, टिंकु हाड़ी, पेंटर हाड़ी और रातिलाल हाड़ी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
















