रांची: स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी रांची में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को स्कूली विद्यार्थियों ने तिरंगा पदयात्रा निकाली। इसमें करीब 120 छात्रों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
यह आयोजन राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे वर्षभर के राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बताया गया। इस अभियान के तहत देशभर में नवंबर 2025 से नवंबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पदयात्रा में विद्यार्थियों ने नेवी और आर्मी विंग की थीम पर विशेष परिधान पहने थे। हाथों में तिरंगा लेकर छात्र देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। इस दौरान राष्ट्रगान भी गाया गया और पदयात्रा अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची।
अल्बर्ट एक्का चौक पर देशभक्ति गीतों और नारों से माहौल गूंज उठा। तिरंगा हाथों में लेकर आगे बढ़ते स्कूली बच्चों की पदयात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
आयोजकों के अनुसार, ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में देशप्रेम, संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना है। छात्रों ने भी देश के प्रति अपने उत्साह और भावनाओं को व्यक्त किया।
















