धनबाद: शक्ति मंदिर परिसर में रविवार को लायंस क्लब रघुनाथ खरकिया आई हॉस्पिटल और श्री श्री श्री भगवती जागरण कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
शिविर में कुल 97 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें 17 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, जबकि अन्य मरीजों को निःशुल्क दवाएं दी गईं। जांच के बाद 10 मरीजों को ऑपरेशन के लिए फिट पाया गया। उन्हें सोमवार सुबह एम्बुलेंस से चिरकुंडा स्थित खरकिया आई हॉस्पिटल ले जाने की व्यवस्था की गई है।
शेष सात मरीजों का बीपी और शुगर अधिक होने के कारण ऑपरेशन बाद में कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, मरीजों के आने-जाने, ऑपरेशन, लेंस, भोजन, रहने और दवाओं की व्यवस्था अस्पताल की ओर से कमेटी के सहयोग से की जाएगी।
शिविर में महुदा, टुंडी, भूली, धैया समेत दूर-दराज के क्षेत्रों से बुजुर्ग और अन्य मरीज पहुंचे। आयोजन की सफलता में मंदिर कमेटी, प्रबंधन समिति, सेवादारों और कर्मचारियों का योगदान रहा।
















