धनबाद: श्रीमती शकुंतला देवी एजुकेशनल सोसाइटी की ओर से भुली क्षेत्र में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सोसाइटी के प्रभारी नीरज शर्मा ने किया। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-5 छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजयुमो जिलाध्यक्ष नित्यानंद मंडल उपस्थित रहे। उनके साथ अशोक यादव, विजेंद्र शर्मा, राहुल, मुन्ना सिंह, अशोक गुप्ता, चौहान सर, नीलाभ कर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता, मानस रंजन पाल, शिवांश श्रीवास्तव और रंजन यादव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। साथ ही उन्होंने नीरज शर्मा और सोसाइटी के इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के अंत में सोसाइटी के सदस्यों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
















