रांची: राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में आयोजित एसएससी जीडी कांस्टेबल परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल रैकेट का खुलासा होने से हड़कंप मच गया। परीक्षा की प्रथम पाली में सामने आए इस मामले में पुलिस ने छह अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि सॉल्वर गैंग रिमोट एक्सेस तकनीक के जरिए कंप्यूटर सिस्टम को नियंत्रित कर अभ्यर्थियों को परीक्षा में मदद पहुंचा रहा था। मामले में सेंटर मैनेजमेंट की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
प्रेसवार्ता के दौरान अधिकारी पारस राणा ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर कुछ कंप्यूटर मॉनिटर में कर्सर स्वतः चलते हुए दिखाई दिए, जिससे संदेह उत्पन्न हुआ। इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस और परीक्षा नोडल पदाधिकारी को दी गई। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सेंटर सुपरिंटेंडेंट, सेंटर आईटी हेड और छह अभ्यर्थियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। कार्रवाई के दौरान परीक्षा केंद्र से छह कंप्यूटर सिस्टम, सीसीटीवी डीवीआर, छह एडमिट कार्ड, पांच मोबाइल फोन और एक टैब जब्त किया गया है।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस हाईटेक नकल रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले को लेकर साइबर एंगल से भी जांच की जा रही है।
यह घटना प्रतियोगी परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















