धनबाद: बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को सिंदरी अनुमंडल पुलिस कार्यालय पहुंचकर पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की प्रगति का जायजा लिया।
सिंदरी पहुंचने पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा का धनबाद के एसएसपी, सिटी एसपी और सिंदरी एसडीपीओ ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। स्वागत समारोह के बाद आईजी ने अनुमंडल पुलिस कार्यालय में समीक्षा बैठक की, जिसमें सिंदरी अनुमंडल के सभी थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान आईजी ने विभिन्न थानों में लंबित कांडों, विभागीय जांच, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन, अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
आईजी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि आम जनता की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील, जवाबदेह और जनहित आधारित पुलिसिंग अपनाने पर विशेष जोर देते हुए लोगों का विश्वास मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने, अपराधों की रोकथाम तथा जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
















