झरिया: निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत झरिया विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का कार्य तेज़ी से जारी है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता एवं बीएलए-2 कार्तिक हाड़ी ने मंगलवार को विभिन्न बूथों का दौरा कर मृत और स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया।
कार्तिक हाड़ी ने झरिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 133 और 134 पर पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और कार्यकर्ताओं के साथ मतदाता सूची का मिलान किया तथा आवश्यक जानकारियां एकत्रित कीं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और अद्यतन बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
बूथ संख्या 133 पर बीएलओ मिथलेश कुमार ने सत्यापन कार्य में सहयोग किया। वहीं बूथ संख्या 134 पर बीएलए मधु वर्मा, पर्यवेक्षक मो. साजिद हुसैन, वालंटियर अखिलेश सिंह तथा बीएलए-2 भोला हाड़ी भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे।
कार्तिक हाड़ी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत मृत, स्थानांतरित तथा अन्य कारणों से अयोग्य हो चुके मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस के बीएलए और कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों से भी संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जा सके।
















