धनबाद: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) के करीब 50 बॉन्ड छात्र-छात्राओं ने वेतन भुगतान में देरी के विरोध में बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि बॉन्ड के तहत पासआउट होने के बाद उन्हें एक साल तक सेवा देनी है, लेकिन मार्च में ज्वाइनिंग के बाद से अब तक उन्हें वेतन नहीं मिला है।
प्रदर्शन में शामिल छात्रा संध्या कुमारी के अनुसार, वेतन भुगतान को लेकर छात्र लगातार सिविल सर्जन कार्यालय और अस्पताल अधीक्षक कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि हर बार अलग-अलग कारण बताकर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ने से रोक दी जाती है। कभी हस्ताक्षर से जुड़ी आपत्ति बताई जाती है तो कभी किसी दस्तावेज के लंबित होने की बात कही जाती है।
छात्रों का कहना है कि उन्हें यह स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी जा रही कि कौन-सा दस्तावेज अधूरा है या किस अधिकारी के हस्ताक्षर बाकी हैं। सिविल सर्जन और अधीक्षक से मुलाकात नहीं होने के कारण उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
छात्रों के मुताबिक, वे पिछले कुछ समय में तीन-चार बार संबंधित कार्यालयों का चक्कर लगा चुके हैं। उन्होंने मांग की है कि लंबित वेतन का जल्द भुगतान किया जाए और पूरी प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट की जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
SNMMCH धनबाद में हाल के दिनों में चिकित्सा शिक्षा और प्रशासन से जुड़े कई गतिविधियां भी चल रही हैं।
















