भागलपुर (सुल्तानगंज):
सुल्तानगंज प्रखंड स्थित मनरेगा कार्यालय परिसर में सोमवार को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण के तहत प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों और जनप्रतिनिधियों को सरकार की विभिन्न रोजगार, आजीविका एवं कृषि योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मनरेगा पदाधिकारी सुजीत सिन्हा, लेखापाल प्रदीप कुमार, तकनीकी सहायक प्रवेश नारायण सिंह तथा अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अधिकारियों ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्रामीण किसानों को आधुनिक खेती, आजीविका संवर्धन, रोजगार सृजन और सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण विकास में जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
मनरेगा पदाधिकारी सुजीत सिन्हा ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण का लाभ उठाकर योजनाओं से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में नया गांव पंचायत समिति सदस्य कुमार अमन, गनगनिया के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि संजय कुमार, पंचायत रोजगार सेवक राकेश सिंह, महेश कुमार, महताब आलम, राहुल कुमार, कार्यपालक सहायक रोहित रंजन पांडेय, अनुराग कुमार, पीआरएस विकास कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, मुखिया और किसान उपस्थित रहे।
















