धनबाद:
बैंक मोड़ स्थित शांति भवन परिसर में वर्षों से जर्जर पड़े शौचालय का जीर्णोद्धार कर रविवार शाम उसका विधिवत लोकार्पण किया गया। समाजसेवी दिलीप सिंह और शांति भवन के अध्यक्ष ददन सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नवनिर्मित शौचालय का उद्घाटन किया और इसे आम लोगों को समर्पित किया।
इस अवसर पर दिलीप सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं का विकास समाज के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शांति भवन में नई सुविधा से यहां आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।
शांति भवन के अध्यक्ष ददन सिंह ने बताया कि परिसर का शौचालय लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। छत क्षतिग्रस्त थी, दरवाजे टूट चुके थे और गंदगी के कारण इसका उपयोग लगभग बंद हो गया था। संस्था के पदाधिकारियों और समाजसेवियों के सहयोग से इसका पुनर्निर्माण कर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वच्छता और जनसुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही सभी से सार्वजनिक संपत्तियों की स्वच्छता और संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई।
इस मौके पर शांति भवन के सचिव राहुल कुमार सिंह, सह सचिव दिलीप मुखर्जी, रमेश दुबे, दिलीप किशोर, शेखर गुप्ता, समीर सिंह, मदन महतो, राजीव अग्रवाल, गजेंद्र अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
















