धनबाद : Topchanchi Lake में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया, जहां डूबते युवक को बचाने के प्रयास में दूसरे युवक की भी जान चली गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों के शव एक-दूसरे से लिपटे हुए मिले, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया।
मृतकों की पहचान झरिया कोयरी बांध निवासी कोयला व्यवसायी संदीप झुनझुनवाला के 22 वर्षीय पुत्र अमन झुनझुनवाला और गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गांव बस्ती निवासी 22 वर्षीय अरमान आलम के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक अमन अपने दोस्तों रुद्र कुमार साव और प्रियांशु कुमार के साथ घूमने के लिए तोपचांची झील पहुंचा था। लीची बागान में खाना खाने के बाद अमन झील में नहाने उतरा, लेकिन इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों के शोर मचाने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान वहां मौजूद अरमान आलम ने बिना देर किए झील में छलांग लगा दी। अरमान ने अमन को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों युवक डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव झील से बाहर निकाले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के शव एक-दूसरे से लिपटे हुए मिले, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो उठे।
घटना के बाद अरमान आलम को Shaheed Nirmal Mahto Medical College and Hospital ले जाया गया, जबकि अमन झुनझुनवाला को Asarfi Hospital पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से झील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।














