जमशेदपुर : Jamshedpur के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की हैं, जिनमें एक स्कूटी के पार्ट्स खोले जा चुके थे।
जानकारी के अनुसार, 6-7 मई 2026 की रात सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे एआईडब्ल्यूसी स्कूल के पास संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस वाहन को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पीछा कर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों युवकों की पहचान रंजीत दिवर और शेखर प्रमाणिक के रूप में हुई। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल के कागजात मांगे तो वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके दो अन्य साथी सिदगोड़ा बारीडीह हाई स्कूल के पास स्थित एक खाली खंडहर क्वार्टर में चोरी की स्कूटी छिपाकर रखे हुए हैं और उनके पार्ट्स खोलकर बेचने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दो अन्य युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में संतोष भुईया उर्फ गोलू और राज खान उर्फ आयुब अंसारी उर्फ फिरोज खान शामिल हैं। पुलिस ने मौके से दो चोरी की स्कूटी भी बरामद की, जिनमें एक सुजुकी कंपनी की ब्लू रंग की स्कूटी के कई पार्ट्स खोले जा चुके थे।
बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, होंडा एक्टिवा स्कूटी और सुजुकी स्कूटी शामिल हैं। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
















