रांची: उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 28 आरोपियों की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। यह सुनवाई एजेसी योगेश कुमार की अदालत में हुई, जहां कोर्ट ने मामले की केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 अप्रैल को तय की गई है।
जमानत याचिका दाखिल करने वालों में अनिल कुमार यादव, विवेक कुमार सिंह, आकाश कुमार, शिवम सिंह, ममता कुमारी, मणिशंकर भगत, संजीत कुमार, संदीप कुमार, श्रीमती कुमारी और मोहम्मद मुख्तार अंसारी सहित कई अन्य आरोपी शामिल हैं।
इससे पहले भी 20 आरोपियों ने कोर्ट में बेल के लिए आवेदन दिया था। उनका कहना है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है और यदि उन पर केस चलता है तो उनका करियर प्रभावित होगा।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव में एक अधूरी इमारत में संदिग्ध गतिविधि चल रही है। इसके बाद 11 अप्रैल की रात विशेष टीम ने छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन मौके से 160 से ज्यादा लोगों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार लोगों में पेपर लीक गैंग के कथित सरगना भी शामिल हैं। बताया गया कि अभ्यर्थियों को पहले से प्रश्नों के उत्तर याद कराए जा रहे थे। उनके मोबाइल और एडमिट कार्ड भी अपने कब्जे में रखे गए थे।
लाखों में हुआ था सौदा
जांच में सामने आया है कि अभ्यर्थियों से पास कराने के नाम पर 10-10 लाख रुपये तक की डील की गई थी। कुछ उम्मीदवारों ने भुगतान के लिए चेक भी दिए थे।
इस मामले में कुल 166 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें अभ्यर्थी, महिला आरोपी और गिरोह के सदस्य शामिल हैं। सभी को 13 अप्रैल को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
ये भी पढ़ें:-धनबाद में होल्डिंग टैक्स बढ़ा: 1 अप्रैल से नई दर लागू, जानें क्या बदला
Follow the JP BHARAT LIVE channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029Vb7gTYlLtOj4hdQofo0E














