धनबाद: निषिद्ध मादक पदार्थों और तंबाकू सेवन के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से धनबाद में विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। 10 जून से 25 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय से प्रभात फेरी निकाली गई।
प्रभात फेरी का शुभारंभ डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों एवं आम नागरिकों को मादक पदार्थों और तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी।
सिविल सर्जन ने कहा कि तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थ न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। उन्होंने सभी लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की। साथ ही कार्यालय परिसर एवं सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू का सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित किया।
प्रभात फेरी में एनसीडी सेल धनबाद, आरसीएच शाखा के पदाधिकारियों, सिविल सर्जन कार्यालय के स्वास्थ्य कर्मियों तथा विभिन्न नर्सिंग एवं फार्मेसी संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस जागरूकता रैली में एएनएमटीसी नर्सिंग स्कूल, संत जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल ऑफ नर्सिंग, एसजेएएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी, जेपी नर्सिंग स्कूल तथा धनबाद नर्सिंग स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जागरूकता अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आगामी 25 जून तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, रैली, शपथ ग्रहण और जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जाएंगे।
















