,

धनबाद को स्वच्छ बनाने की बड़ी पहल, जिला परिषद और नगर निगम ने मिलाया हाथ

JP Bharat Shareधनबाद: धनबाद जिले को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला परिषद, धनबाद और नगर निगम, धनबाद के बीच एक विशेष समन्वय और साझेदारी स्थापित की गई है, जिसके तहत अब ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में वर्षों से जमा कचरे के ढेरों…

JP Bharat Share

धनबाद: धनबाद जिले को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला परिषद, धनबाद और नगर निगम, धनबाद के बीच एक विशेष समन्वय और साझेदारी स्थापित की गई है, जिसके तहत अब ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में वर्षों से जमा कचरे के ढेरों को हटाने का अभियान चलाया जाएगा।

उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि इस अनूठी पहल का उद्देश्य उन क्षेत्रों को स्वच्छ बनाना है जहां अब तक पर्याप्त संसाधनों के अभाव में नियमित सफाई व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के अंतर्गत आने वाले कई ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से कचरे का जमाव हो रहा था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

इस अभियान की शुरुआत बाघमारा प्रखंड के हरिना चौक से की गई, जहां पहले ही दिन नगर निगम की टीम ने लगभग 18 टन कचरे का उठाव किया। प्रशासन का मानना है कि यह अभियान आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी तेजी से चलाया जाएगा।

जिला परिषद के पास पर्याप्त सफाई संसाधन, कचरा उठाने वाले वाहन और सफाई कर्मियों की कमी के कारण कई जगहों पर कचरे का अंबार लग गया था। इससे न केवल गंदगी फैल रही थी बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए जिला परिषद और नगर निगम ने संयुक्त रूप से काम करने का निर्णय लिया।

अब नगर निगम अपने आधुनिक संसाधनों, डंपर वाहनों और सफाई मित्रों की टीम को जिला परिषद क्षेत्रों में भेजेगा। इन टीमों द्वारा चिन्हित कचरा हॉटस्पॉट्स पर विशेष अभियान चलाकर सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन का मानना है कि इस पहल से केवल शहरी क्षेत्रों ही नहीं बल्कि ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में भी स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी। इससे लोगों को बदबू, गंदगी और उससे होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।

उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने कहा कि यह पहल धनबाद के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि लोग कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और जिले को स्वच्छ बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

उन्होंने विश्वास जताया कि जिला परिषद और नगर निगम के संयुक्त प्रयासों से धनबाद को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का भी व्यापक कायाकल्प होगा।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports