,

7 महीने की शादी के बाद विवाहिता की मौत, पति और ससुर पर पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

JP Bharat Shareपलामू: झारखंड के पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत…

JP Bharat Share

पलामू: झारखंड के पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई है। वह चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी बबलू राम की पुत्री थीं। परिजनों के अनुसार नेहा की शादी 25 नवंबर 2025 को तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव निवासी पवन कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।

मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि नेहा ने कई बार फोन कर अपनी मां को ससुराल में हो रहे उत्पीड़न की जानकारी दी थी। शिकायत में ससुर महेंद्र राम पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मृतका के पिता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, 10 मई 2026 की शाम पति और ससुर ने कथित रूप से नेहा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद उसे पहले मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया।

करीब डेढ़ महीने तक विभिन्न अस्पतालों में इलाज चलने के बाद 25 जून को चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए घर ले जाने की सलाह दी। परिजनों के अनुसार, घर लौटने के दौरान 26 जून की तड़के करीब दो बजे नेहा ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद मृतका के पिता ने तरहसी थाना में लिखित शिकायत देकर पति और ससुर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

नोट: इस मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। पुलिस ने अभी तक आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports