धनबाद: धनबाद जिले में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला कारोबार से जुड़े कई कारोबारियों, उनके सहयोगियों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। जिले के करीब 25 स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। ईडी की टीमें वित्तीय लेन-देन, संपत्ति और कारोबारी दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, ईडी ने दो चर्चित कोयला कारोबारियों के सहयोगियों के ठिकानों पर भी दबिश दी है। इसके अलावा झरिया में यादव बंधुओं से जुड़े परिसरों, केंदुआ में मंडल बंधुओं और लोयाबाद में चौहान ब्रदर्स के ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा बैंकिंग रिकॉर्ड, संपत्ति संबंधी दस्तावेज, कारोबारी फाइलें और अन्य वित्तीय अभिलेखों की बारीकी से जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। वहीं, एक स्थान पर ईडी की टीम को घर का दरवाजा नहीं खुलने पर सीढ़ी के सहारे परिसर में प्रवेश करना पड़ा, जिसके बाद तलाशी अभियान आगे बढ़ाया गया।
मेमको मोड़ स्थित नालंदा कॉटेज में भी एक कोयला कारोबारी के आवास पर ईडी की कार्रवाई जारी है। फिलहाल सभी ठिकानों पर तलाशी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य या अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद हुई है।
ईडी की इस व्यापक कार्रवाई को धनबाद के कोयला कारोबार से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, एजेंसी की ओर से फिलहाल छापेमारी के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
















