धनबाद जिले के गोविंदपुर प्रखंड के जंगलपुर में आयोजित आठ जिलों के तीन दिवसीय इज्तिमा का रविवार को सामूहिक दुआ के साथ समापन हुआ। आयोजन में 20 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। मुंबई, बिहार, झारखंड सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे उलेमाओं ने तकरीर के माध्यम से लोगों को आपसी भाईचारे, शांति, प्रेम और नेक रास्ते पर चलने का संदेश दिया।
उलेमाओं ने अपनी तकरीर में इंसानियत, आपसी सद्भाव और एक-दूसरे की गलतियों को माफ करने पर जोर दिया। साथ ही लोगों से दीनी तालीम हासिल करने, पांच वक्त की नमाज अदा करने और बुरे कामों से बचने की अपील की।
इज्तिमा के अंतिम दिन देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, मुल्क की तरक्की और सभी लोगों की खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने परिवार की सलामती और पूरी इंसानियत की भलाई के लिए दुआ मांगी।
आयोजन के समापन के बाद दस जमातों के अल्लाह के रास्ते में निकलने की जानकारी दी गई। स्थानीय ग्रामीणों और आयोजन समिति के सहयोग से तीन दिवसीय कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
















