धनबाद: भाकपा-माले धनबाद जिला कमेटी की ओर से मंगलवार को टेंपल रोड, पुराना बाजार स्थित जिला कार्यालय में जननायक कॉमरेड चारू मजूमदार का 54वां शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और विचारों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के जिला सचिव कॉमरेड बिंदा पासवान ने कहा कि चारू मजूमदार ने किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि आज भी सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक अधिकारों और आम जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष की आवश्यकता बनी हुई है।
विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि शहादत दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष के संकल्प को दोहराने का दिन है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने गरीबों, किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राज्य कमेटी सदस्य आनंदमयी पाल, सुभाष चटर्जी, विजय पासवान, राणा चट्टराज, कल्याण घोषाल, जगजीत बनर्जी, विश्वजीत राय, रामलाल दा, औरंगजेब खान, उमेश पासवान, बुटन सिंह, जगदीश साव, राजेश बिरुवा, करण पासवान, गुड्डू रजक, शुभम पासवान, अमित पासवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















