धनबाद : धनबाद पुलिस ने निरसा अनुमंडल के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए बीसीसीएल के एक जर्जर दो मंजिला भवन में संचालित अवैध लॉटरी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में प्रतिबंधित लॉटरी टिकट, हाईटेक डिजिटल प्रिंटर, कटर मशीनें, प्रिंटिंग सामग्री और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक एम.डी. याकूब ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह कार्रवाई एक संगठित अवैध लॉटरी नेटवर्क के खिलाफ की गई। छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मौके से बरामद प्रिंटिंग मशीनें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यहां बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित लॉटरी टिकटों की छपाई और वितरण का काम किया जा रहा था।
धनबाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीण एसपी एम.डी. याकूब ने कहा कि जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















