धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर में युवक करण कुमार की हत्या के मामले में धनबाद पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोया ने बताया कि युवक की मौत चोरी के संदेह में की गई बेरहमी से पिटाई के कारण हुई। पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
डीएसपी ने बताया कि 1 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि जगजीवन नगर स्थित जामुन पेड़ के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। उसकी पहचान करण कुमार के रूप में हुई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे पहले शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। बाद में बलियापुर रोड स्थित जेपी अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने कन्हाई लाल भट्टाचार्य और शिव प्रकाश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि करण कुमार कथित तौर पर कन्हाई लाल भट्टाचार्य के घर में चोरी की नीयत से घुसा था। उसे पकड़ने के बाद दोनों ने उसकी पिटाई की। शोर सुनकर आसपास के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी युवक के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। डीएसपी प्रकाश सोया ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: पुलिस की जांच अभी जारी है। मामले में आगे की जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान तथ्य एवं परिस्थितियां बदल सकती हैं।
















