धनबाद : तेतुलमुड़ी–सिजुआ स्थित शक्तिनाथ महतो स्मारक विद्यालय परिसर में झारखंड आंदोलन के अमर शहीद एवं क्रांतिदूत शक्तिनाथ महतो की 78वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं एवं स्थानीय लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तारा देवी एवं धनबाद जिला ग्रामीण मंत्री डॉ. निशी महतो द्वारा प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि शहीद शक्तिनाथ महतो का संघर्ष, त्याग और बलिदान झारखंड आंदोलन के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उनका जीवन आज भी युवाओं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्रद्धांजलि सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, धनबाद सांसद ढुलू महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, झरिया विधायक रागिनी सिंह, निरसा की पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन चंद्र कुम्हार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि अमर शहीद शक्तिनाथ महतो ने अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज व राज्य के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन अमर शहीद शक्तिनाथ महतो को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
















