धनबाद: सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग (GT Road) पर खतरनाक स्टंट करना सात युवकों को महंगा पड़ गया। धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार के निर्देश पर तोपचांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात युवकों को हिरासत में लिया और स्टंट में इस्तेमाल की जा रही तीन कारों को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, जीटी रोड पर कुछ युवक तेज रफ्तार में कारों से खतरनाक स्टंट कर रहे थे। इस दौरान उनके साथी वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड करने की तैयारी कर रहे थे। सड़क पर इस तरह की लापरवाही से अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद तोपचांची थाना प्रभारी लव कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस ने जीटी रोड पर बेरिकेडिंग कर स्टंट कर रही तीन कारों को रोक लिया और उनमें सवार सभी सात युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर स्टंट करना यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है और इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। युवकों की लापरवाही न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा थी, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी दांव पर लगी हुई थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की जा रही तीनों कारों को जब्त कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि धनबाद पुलिस सड़क पर स्टंट, रेसिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें तथा जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात नियमों का पालन करें।
















