मालदा (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने ट्रेन के एसी कोच के जरिए की जा रही नशा तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 किलोग्राम गांजा और 1.190 किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई को रेलवे मार्ग से हो रही मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पहली कार्रवाई डाउन कंचनजंघा एक्सप्रेस के एसी कोच में की गई। गुप्त सूचना मिलने के बाद GRP की टीम ने ट्रेन की तलाशी ली। जांच के दौरान कोच के शौचालय से संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ, जिसमें लगभग 10 किलोग्राम गांजा मिला। इस मामले में पुलिस ने प्रमिला देवी, अंकिता देवी और अर्चना देवी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में तीनों आरोपी बिहार के कटिहार जिले की निवासी बताई गई हैं।
दूसरी कार्रवाई मालदा कोर्ट रेलवे स्टेशन पर की गई। यहां मालदा-कटिहार पैसेंजर ट्रेन में सवार होने की तैयारी कर रहे राणा कुमार को पुलिस ने तलाशी के दौरान 1.190 किलोग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी बिहार के मधेपुरा जिले का रहने वाला बताया गया है।
GRP अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त किए गए नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे, इन्हें किस नेटवर्क के माध्यम से पहुंचाया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि रेलवे मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
















