देवघर: राजकीय श्रावणी मेला-2026 के आठवें दिन बुधवार तड़के बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 4:13 बजे मंदिर का पट खुलते ही बाबा बैद्यनाथ के जलार्पण और दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर परिसर और पूरी रूट लाइन ‘बोल बम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से भक्तिमय माहौल में गूंज उठी।
अहले सुबह से ही हजारों कांवरिया कतारबद्ध होकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ते रहे। श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह और आस्था देखने को मिली। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे शिवभक्तों ने बाबा का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर, रूट लाइन और होल्डिंग प्वाइंट्स पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा बलों की तैनाती, पेयजल, चिकित्सा, सफाई और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था के बीच जलार्पण का क्रम सुव्यवस्थित ढंग से जारी रहा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि श्रावणी मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
















