देवघर। जिले में चोरी, लूट और गृहभेदन की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 23 नवंबर 2026 की रात नगर थाना क्षेत्र के बेलाबगान में छापेमारी कर डकैती की योजना बना रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक रिवॉल्वर, पांच कारतूस, धारदार हथियार, लोहे के औजार, 1.50 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री में कथित रूप से शामिल दो आभूषण व्यवसायी भी हैं। इस कार्रवाई से देवघर नगर, रिखिया और कुंडा थाना क्षेत्रों में दर्ज पांच मामलों का खुलासा हुआ है। एक मुख्य आरोपी के खिलाफ बिहार के झाझा थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।
















