धनबाद/रांची: झारखंड टेंट डेकोरेटर वेल्फेयर एसोसिएशन की आम बैठक एवं चुनाव बुधवार को रांची स्थित स्वागतम मैरेज हॉल में संपन्न हुआ। बैठक में वर्ष 2026–2029 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। सदस्यों ने पिछले कार्यकाल के कार्यों पर विश्वास जताते हुए कई पदाधिकारियों को दोबारा जिम्मेदारी सौंपी।
बैठक की शुरुआत एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष शुशील कुमार वर्मा ने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देकर की। इसके बाद मनोज कुमार और लखेंदर महतो को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। सर्वसम्मति से चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया गया।
चुनाव के उपरांत घोषित नई कार्यकारिणी में प्रदीप कुमार सिंह को चेयरमैन, शुशील कुमार वर्मा को अध्यक्ष, द्वारिका प्रसाद तिवारी को महासचिव, पुरुषोत्तम कुमार रंजन को कार्यकारी अध्यक्ष, भारती को सचिव तथा संजय कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि पिछले कार्यकाल में पदाधिकारियों ने संगठन के हित में सराहनीय कार्य किए, जिसके आधार पर उन्हें पुनः जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर झारखंड के लगभग 15 जिलों से आए जिला पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की एकजुटता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
















