धनबाद: विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि के अवसर पर झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति की ओर से जगजीवन नगर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बांग्ला कैलेंडर के 22 श्रावण को मनाए जाने वाले इस दिवस पर उपस्थित लोगों ने कविगुरु के साहित्य, संस्कृति और समाज में दिए गए योगदान को याद किया।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रवींद्रनाथ टैगोर के प्रति गहरी संवेदना और श्रद्धा व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि टैगोर का साहित्य और उनकी विचारधारा आज भी समाज को नई दिशा देने का काम करती है।
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक भवानी बनर्जी, संस्थापक बेंगू ठाकुर, जिला अध्यक्ष सुजीत रंजन, जिला सचिव पार्थ सारथी दत्ता, सुजाता रंजन और पिया बनर्जी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, बीसीसीएल की ओर से प्रबंधक शुभंकर प्रसाद, अर्पण घोष, सुरेंद्र भूषण, कुमार मनोज और आशीष मिश्रा सहित कल्याण भवन एवं कोयला भवन के कई अधिकारी और कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभी ने कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान को स्मरण किया।
















