हजारीबाग: जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और कथित राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहा।
घायल आरोपियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने शुरू की चेकिंग
पुलिस को सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से कथित राहुल दुबे गिरोह के कुछ सदस्य मोटरसाइकिल से गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना के आधार पर गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन और उरीमारी थाना प्रभारी रथू उरांव पुलिस बल एवं सशस्त्र जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने पुराना कांटा घर रोड के पास चेकिंग अभियान शुरू किया।
पुलिस को देखते ही भागने लगे संदिग्ध
बताया गया कि सुबह करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से एक बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे।
इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद तीनों संदिग्ध जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई।
गोलीबारी में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर गिर पड़े। वहीं तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहा।
हथियार और धमकी भरा पर्चा बरामद
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने दो अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, खोखा और धमकी से संबंधित एक पर्चा बरामद किया है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में आसपास के जंगलों में सर्च अभियान चला रही है। साथ ही पुलिस कथित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उसके नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
















