धनबाद : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर धनबाद में हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। चैंबर ऑफ कॉमर्स पुराना बाजार के अध्यक्ष और समाजसेवी सोहराब खान की कलाई पर पहला कदम स्कूल की संचालिका अनिता अग्रवाल पिछले 12 वर्षों से लगातार राखी बांधती आ रही हैं।
दोनों के बीच भाई-बहन का यह रिश्ता धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर प्रेम, विश्वास और इंसानियत का संदेश दे रहा है। सोहराब खान कई वर्षों से पहला कदम स्कूल से जुड़े हैं और अनिता अग्रवाल को अपनी बड़ी बहन मानते हैं।
रक्षाबंधन के मौके पर सोहराब खान ने कहा कि इंसानियत से बड़ा कोई मजहब नहीं है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है और अनिता अग्रवाल उनके लिए बड़ी बहन की तरह हैं।
वहीं अनिता अग्रवाल ने सोहराब खान को अपना भाई बताते हुए कहा कि वह इंसानियत को सबसे ऊपर रखते हैं। पिछले 12 वर्षों से राखी बांधने की यह परंपरा अब उनके रिश्ते का खास हिस्सा बन चुकी है।
यह अनोखा भाई-बहन का रिश्ता समाज को प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का खूबसूरत संदेश दे रहा है।
















