हजारीबाग : हजारीबाग जिले में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच रांची से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रैक पर अचानक आ गई लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रेन के निचले हिस्से में नुकसान की बात सामने आई है।
हादसे के समय ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात रही कि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, टक्कर के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और RPF की टीम मौके पर पहुंची। ट्रैक पर मौजूद ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाने का काम शुरू किया गया। हादसे के चलते रेल परिचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ट्रैक को सामान्य करने की कार्रवाई की। हादसे की परिस्थितियों और ट्रैक्टर-ट्रॉली के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने को लेकर जांच की जा रही है।
















