देवघर : देवघर में आगामी भादो मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह प्रशासक, बाबा बैद्यनाथ मंदिर सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें पंडा धर्मरक्षिणी सभा, तीर्थपुरोहित समाज और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कानून-व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य, बिजली और पानी की व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर और आसपास अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती, नियमित सैनिटाइजेशन, मेडिकल कैंप और पर्याप्त एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता के लिए प्रमुख स्थानों पर सूचना एवं सहायता केंद्र भी बनाए जाएंगे। यहां खोया-पाया, रूट चार्ट, अर्घ्य अर्पण का समय समेत जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने श्रावणी मेला के सफल आयोजन के लिए प्रशासन का आभार जताते हुए भादो मेला के दौरान भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। बैठक में एसपी प्रवीण पुष्कर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
















