देवघर : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस ने पथरड्डा ओपी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 31 अगस्त को की गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी अलग-अलग डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के फर्जी अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके अलावा कैशबैक, पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान से जुड़े झांसे देकर लोगों को फर्जी APK फाइल भेजने का आरोप है।
जांच के मुताबिक, इन फाइलों के जरिए मोबाइल का एक्सेस हासिल करने की कोशिश की जाती थी। वहीं, एयरटेल थैंक्स ऐप के नाम पर कार्ड बंद होने और उसे दोबारा चालू कराने का झांसा देकर ठगी करने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने जब्त मोबाइल नंबरों और IMEI की तकनीकी जांच की। इसमें आरोपियों के कनेक्शन विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर ठगी से संबंधित शिकायतों से मिलने की जानकारी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार (23), अजय दास (28), प्रेम कुमार दास (20), अमित दास (23), सिकन्दर दास (23) और शिवाशिष कुमार (21) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनमें अधिकांश सारठ थाना क्षेत्र के पथरड्डा ओपी इलाके के निवासी हैं, जबकि प्रेम कुमार दास कुंडा थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रेम कुमार दास का नाम देवघर साइबर थाना के कांड संख्या 108/24 और 54/26 में तथा सिकन्दर दास का नाम कांड संख्या 72/23 में पहले से दर्ज है।
कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई। फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल और सिम कार्ड की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों के अन्य साइबर मामलों में संभावित कनेक्शन और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
















