बोकारो: सेक्टर-6 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-6 मार्केट में रविवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग एक दुकान से शुरू हुई और कुछ ही देर में आसपास की छह दुकानों तक फैल गई। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फायर कर्मी भगवानो झा के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
फायर विभाग की ओर से बाजार में बिजली कनेक्शन की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। मौके पर कथित तौर पर अवैध तरीके से बिजली लेने और टोंका फंसाकर कनेक्शन इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा एक दुकान में गैस सिलेंडर और कथित गैस रिफिलिंग की स्थिति भी सामने आने की जानकारी दी गई।
फायर कर्मियों के अनुसार, मौके पर रखा एक गैस सिलेंडर बेहद जोखिमपूर्ण स्थिति में था, जिसे समय रहते सुरक्षित किया गया। यदि आग पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
आग की चपेट में आने से छह दुकानों और उनमें रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन संबंधित जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
















