धनबाद: धनबाद मंडल में बिना उचित टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को धनबाद स्टेशन पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
रेलवे के अनुसार, यह अभियान दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलाया गया। इसमें धनबाद का दस्ता संख्या-2 और धनबाद स्लीपर की एलआर चेकिंग टीम के कर्मचारियों ने यात्रियों के टिकट और यात्रा संबंधी प्राधिकार की जांच की।
जांच के दौरान कुल 79 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, उचित प्राधिकार के बिना यात्रा करने वाले तथा बिना बुक कराए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे। कार्रवाई के दौरान रेलवे ने इन यात्रियों से कुल 53,695 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए।
रेलवे अधिकारियों ने पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की सख्त हिदायत दी। अभियान के दौरान स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ भी देखने को मिली।
धनबाद मंडल की ओर से बताया गया कि टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। रेलवे यात्रियों से अपील कर रहा है कि वे उचित टिकट के साथ ही स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट उनके पास है, उसी श्रेणी के कोच में यात्रा करें।
रेलवे ने यात्रियों से नियमों का पालन करने और बिना टिकट या गलत श्रेणी में यात्रा करने से बचने की अपील की है, ताकि रेल यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।
















