पूर्वी टुंडी: केंद्र सरकार के नए माइंस एंड मिनरल्स डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन (MMDR) कानून के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी टुंडी अंचल कार्यालय पहुंचकर अंचल निरीक्षक चंदन कुमार को ज्ञापन सौंपा और प्रस्तावित आंदोलन की जानकारी दी।
झामुमो प्रखंड अध्यक्ष गिरिलाल किस्कू के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय परिसर में विशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद धरना-प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र सरकार के नए MMDR कानून के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।
पार्टी नेताओं का आरोप है कि नया MMDR कानून राज्यों के खनन अधिकारों और स्थानीय लोगों के हितों को प्रभावित करता है। झामुमो का कहना है कि कानून के लागू होने से झारखंड के जल, जंगल और जमीन से जुड़े स्थानीय अधिकारों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
झामुमो नेताओं ने कहा कि खनिज संपदा पर स्थानीय लोगों के अधिकार और राज्य के हितों की रक्षा के लिए पार्टी आंदोलन जारी रखेगी। पार्टी की ओर से दावा किया गया कि 7 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष गिरिलाल किस्कू, प्रखंड सचिव शत्रुघ्न मंडल, अजित मिश्रा, तपन मंडल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















